September 26, 2026
Daily Lok Manch
अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर विदेश मंत्री जयशंकर का पलटवार, बोले- ‘एक आतंकवादी देश मुझसे ये सवाल पूछ रहा है?’


विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत को लेकर सवाल करने वाले पाकिस्तानी पत्रकार को तीखे अंदाज में जवाब दिया। शुक्रवार को लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेसोलो न्यांती के साथ ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ की लॉन्चिंग को लेकर आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पाकिस्तानी पत्रकार ने भारत से जुड़े मुद्दे पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। इस पर जयशंकर ने मुस्कुराते हुए पलटवार किया।

रिपोर्टर लगातार बोलता रहा, जिसके बाद भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा, “आपने उन्हें साफ-साफ सुन लिया।” जयशंकर की टिप्पणी और पत्रकार के साथ हुई यह बातचीत सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रही।

शहबाज शरीफ से भारतीय पत्रकार ने पूछा आतंकवाद पर सवाल

इससे एक दिन पहले गुरुवार को एक भारतीय पत्रकार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहुंचने के दौरान आतंकवाद को लेकर सवाल किया था। पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेगा और लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाया जाएगा।

शरीफ ने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए। संयुक्त राष्ट्र परिसर से बाहर निकलते समय भी पत्रकार ने उनसे हाफिज सईद को लेकर सवाल किया, लेकिन उन्होंने प्रतिक्रिया नहीं दी।

हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और संयुक्त राष्ट्र की आतंकवादी सूची में शामिल है। अमेरिका ने भी उसके बारे में सूचना देने पर इनाम घोषित किया है।

यूएन में भारत ने पाकिस्तान पर उठाए सवाल

इससे पहले बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में भारत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद और उसके कब्जे वाले कश्मीर से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए थे। भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए उसकी आर्थिक स्थिति का भी उल्लेख किया।

उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई, विरोध प्रदर्शनों और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता से जुड़े मुद्दे उठाए। भारतीय पक्ष ने कहा कि पाकिस्तान को क्षेत्रीय तनाव और सीमा पार आतंकवाद के बजाय अपनी आंतरिक आर्थिक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए।

Leave a Comment