September 26, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

Uttarakhand: मुख्य सचिव ने उत्तरकाशी में विकास योजनाओं की समीक्षा की, 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश



मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जिला योजना, राज्य वित्त, 25 सूत्रीय कार्यक्रम तथा केंद्र पोषित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य सचिव ने जिले की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने वाली डिजिटल पहल ‘योजना दीदी’ ई-पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने धामों और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

मुख्य सचिव ने सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और स्थानीय निकायों को 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा।

उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पॉलीहाउस निर्माण और ‘जायका’ परियोजना में निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले धीमी प्रगति पर सुधार के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को इन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के साथ जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा करने को कहा गया।

बैठक में ‘प्रारंभ—नदी, जलीय संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता विरासत प्रबंधन’ परियोजना की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और उत्तराखंड राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस जिला स्तरीय मॉडल का मुख्य सचिव ने ‘स्वच्छ गंगा, निर्मल एवं अविरल यमुना’ के संकल्प के साथ उद्घाटन किया। गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों की हिमालयी नदियों के संरक्षण से जुड़ी इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 3.26 करोड़ रुपये है।

बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने सिविल सोसायटी, पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स, होटल एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। प्रतिनिधियों ने कूड़ा निस्तारण, सड़क एवं नेटवर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं, नेलांग-जादुंग परमिट के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। मुख्य सचिव ने संबंधित प्रकरणों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी नेटवर्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की जानकारी ली। भटवाड़ी के गणेशपुर में उन्होंने होलिस्टिक टूरिज्म के तहत संचालित वूमेन हिल्स ट्रैक एडवेंचर का भी अवलोकन किया और ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया।

Leave a Comment