September 25, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

खटीमा में 7.23 करोड़ की लागत से बनी गौशाला का लोकार्पण, 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्दीघेरा, खटीमा में 7.23 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 108.84 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं में सड़क, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य अवस्थापना सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशाला के विस्तार से अधिक संख्या में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हल्दीघेरा में नवनिर्मित गौशाला निराश्रित गोवंश के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार प्रदेश में गौ संरक्षण और गौ सेवा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ संरक्षण केवल परंपरा का हिस्सा नहीं, बल्कि समाज और सरकार की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लंबे समय से गौ संरक्षण और गौ सेवा की परंपरा रही है। प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में ग्राम्य गौ सेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। इसके साथ ही शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। सरकार का प्रयास केवल गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। इससे पशुपालन से जुड़े लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 108.84 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं में प्रमुख रूप से राज्य मार्ग-70 के सत्रहमील से नानक सागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर मार्ग के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इस परियोजना पर 34.44 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सहित पूरे ऊधमसिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Comment