उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
वहीं, टिहरी समेत सात जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए देहरादून, नैनीताल, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रदेश में फिलहाल 78 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 19 सड़कें पिथौरागढ़ जिले की हैं।
देहरादून में नदी के तेज बहाव से मकान क्षतिग्रस्त
लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ी क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। देहरादून में नुन नदी के तेज बहाव ने धौलास के पास दयानागरी क्षेत्र में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी के बहाव और कटान की चपेट में आने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया गया कि एक महिला की आंखों के सामने उसके मकान का एक हिस्सा नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद तीनों प्रभावित परिवारों ने फिलहाल पड़ोसियों के घरों में शरण ली है। नदी किनारे लगातार हो रहे कटान के कारण आसपास का पूरा रिहायशी इलाका खतरे की जद में आ गया है।
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून में सोमवार को आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। कुछ इलाकों में बारिश का एक-दो दौर भारी से बहुत भारी बारिश में बदल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

