August 30, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड मौसम

देहरादून में भारी बारिश का अलर्ट, कल कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जिले में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार, 31 अगस्त को जनपद देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। लगातार बारिश की स्थिति में पर्वतीय और नदी-नालों से सटे क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बच्चों और शिक्षकों को अनावश्यक जोखिम से बचाने के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों को घरों में सुरक्षित रखें और नदी-नालों, बरसाती गदेरों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। साथ ही संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है। मौसम की स्थिति के आधार पर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।

Leave a Comment