August 30, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, उत्तराखंड में 16 सितंबर से होगी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को इस बार भाजपा सिर्फ समारोह तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी ने इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में घर-घर तक पहुंचाने का फैसला किया है। देहरादून में रविवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में संगठन ने एक महीने तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा तैयार की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों से सीधे जुड़ने का आह्वान किया। राज्य में अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से होगी, जबकि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

भाजपा का फोकस- कार्यक्रम नहीं, घर-घर पहुंच हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला के एक निजी प्रतिष्ठान में हुई कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और जिलास्तरीय टीमों को अभियान के कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई। क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन से यह स्थापित किया है कि सत्ता शक्ति नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान का असर केवल पार्टी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सेवा गतिविधियों के जरिए प्रत्येक परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना इसका लक्ष्य होना चाहिए।

धामी बोले- मोदी के जन्मदिन से बेहतर सेवा का अवसर नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, किसानों का सम्मान और युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करना शामिल है। धामी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विकसित भारत के निर्माण के साथ सेवा कार्यों को भी आगे बढ़ाना होगा। प्रधानमंत्री का जन्मदिन इसके लिए सबसे बेहतर अवसर है। राजनीतिक मुद्दों पर भी कांग्रेस पर बरसे धामी कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति के चलते वंदे मातरम् जैसे राष्ट्रगीत पर भी आपत्ति जता रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में भारत माता की स्तुति और राष्ट्र भावना का सम्मान हमेशा कायम रहेगा। धामी ने रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने नकल माफिया के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा और कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में संरक्षण पाने वाले कई माफिया आज जेल में हैं। हल्द्वानी की घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले में झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं। चहल का दावा- उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा कोई नया प्रयोग नहीं, बल्कि संगठन के मूल विचार का हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को भी पार्टी ‘सेवा, सेवा और सेवा’ के माध्यम से मनाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा संगठन की कार्यक्षमता राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।चहल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए उत्तराखंड में ऐसा माहौल तैयार किया जाए, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे। भट्ट बोले- सेवा अभियान में भी उत्तराखंड अव्वल रहेगा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष गरीबों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल बधाइयों के साथ नहीं, बल्कि सेवा कार्य करके मनाना चाहिए। भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि जिस तरह उत्तराखंड भाजपा राजनीतिक अभियानों में बेहतर प्रदर्शन करती रही है, उसी तरह सेवा संकल्प अभियान में भी प्रदेश संगठन देश में अव्वल रहने का प्रयास करेगा।

एक महीने में 13 बड़े कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री और अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने पीपीटी के माध्यम से पूरे अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रदेश में करीब एक महीने तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत प्रमुख कार्यक्रमों में आशीर्वाद का दिया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा बोले- मोदी ने गरीबी हटाने को बनाया मिशन केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जिस विकास और बदलाव का सपना देश लंबे समय से देख रहा था, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबी हटाने का नारा दिया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी को दूर करने के लिए योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया। कार्यशाला में ये नेता रहे मौजूद कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, भरत चौधरी, विधायक विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, मोहन बिष्ट, महंत दिलीप रावत सहित प्रदेश और जिला संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment