September 13, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

हरियाणा निकाय चुनाव: सात शहरों में आज आएंगे छोटी सरकार के नतीजे



हरियाणा के सात शहरों में नगर निकाय चुनावों के परिणाम बुधवार को घोषित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर बाद तक विजेताओं की तस्वीर साफ हो जाएगी। अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में मेयर व पार्षद पदों के लिए, जबकि रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, धारूहेड़ा व उकलाना नगर पालिकाओं में अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों के लिए रविवार को मतदान हुआ था।

मतदान के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी करेंगे। मतगणना केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही ईवीएम को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्र तक लाने और वापस सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

मतगणना केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और हथियारों पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केंद्रों के पास अनावश्यक भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं होगी। शोर-शराबा या किसी भी प्रकार का व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Comment