Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 12, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

हाईवे पर खुशियां मातम में बदलीं : बारातियों से भरे टेम्पो की कंटेनर से भीषण भिड़ंत, 12 की मौत, कई घायल



ढोल-नगाड़ों और खुशियों के बीच शुरू हुआ सफर कुछ ही पलों में चीखों और मातम में बदल गया। जिन लोगों के चेहरे पर जश्न की मुस्कान थी, वही अचानक दर्द और अफरा-तफरी के बीच जिंदगी के लिए जंग लड़ते नजर आए। हाईवे पर बिखरे वाहन के टुकड़े और घायल लोगों की चीखें हादसे की भयावहता बयां कर रही थीं। इस दर्दनाक मंजर ने हर देखने वाले को झकझोर कर रख दिया।

महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर बारातियों से भरा एक टाटा टेम्पो और तेज रफ्तार कंटेनर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और खुशियों से भरा सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। इस हादसे में 12 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा पालघर के धानीवरी इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बारातियों से भरे वाहन में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर और टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।

करीब 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। सभी घायलों को कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

Leave a Comment