September 9, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में सरकारी परिसंपत्तियों को मिलेगा आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल स्वरूप, रतूड़ा में ₹48.84 करोड़ का राज्य अतिथि गृह प्रस्तावित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड में सरकारी परिसंपत्तियों को आधुनिक, उपयोगी और पर्यावरण अनुकूल स्वरूप देने की दिशा में राज्य संपत्ति विभाग ने अपनी कार्ययोजनाओं को गति दी है। सचिव, राज्य संपत्ति एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई दो महत्वपूर्ण बैठकों में रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह तथा देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में नए आवासों के निर्माण की योजनाओं की समीक्षा की गई।

रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के लिए करीब ₹48.84 करोड़ का विस्तृत आगणन तैयार किया गया है। सचिव ने निर्देश दिए कि अतिथि गृह का कॉन्फ्रेंस हॉल आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो, ताकि महत्वपूर्ण बैठकों और प्रशासनिक संवाद के लिए बेहतर सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा निर्माण स्थल की नदी से न्यूनतम 200 मीटर दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य प्रवेश द्वार और केंद्रीय भवन पर आकर्षक एवं बड़े आकार का लोगो लगाने को भी कहा गया।

वहीं, देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में पुराने जर्जर भवनों को हटाकर रिक्त भूमि पर करीब ₹28.07 करोड़ की लागत से 48 नए श्रेणी-3 आवास बनाए जाने प्रस्तावित हैं। सचिव ने भवनों में कम अनुरक्षण लागत वाली फिनिशिंग और निर्माण सामग्री के इस्तेमाल पर जोर दिया, जिससे बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े।

आवासीय परियोजना में ग्रीन बिल्डिंग मानकों का पालन करने के साथ जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा। सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में राज्य संपत्ति एवं आवास से जुड़े विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में स्थानीय वास्तुशैली को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Comment