80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को लालकिले पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में समाज के अलग-अलग वर्गों से जुड़े करीब 5,000 विशेष अतिथि शामिल हुए। इनमें महिला उद्यमी, युवा नवप्रवर्तक, किसान, कारीगर, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले लोग शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व किया।
विशेष अतिथियों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के स्वयंसेवक, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लाभान्वित महिला उद्यमी, नमस्ते, पीएम अजय और सीड जैसी योजनाओं के लाभार्थी तथा ‘माय भारत’ के उत्कृष्ट स्वयंसेवक शामिल रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभार्थियों, पीएम स्वनिधि से जुड़े रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और स्वच्छ भारत मिशन के शहरी स्वच्छता कर्मियों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया।
दिल्ली मेट्रो के उत्कृष्ट कर्मचारियों, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा परियोजनाओं में काम करने वाले श्रमिकों तथा दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों ने भी लालकिले से स्वतंत्रता दिवस समारोह देखा।
राष्ट्रीय नवाचार कार्यक्रमों से जुड़े युवा नवप्रवर्तक, वैज्ञानिक, दिल्ली में भारत टैक्सी सेवा से जुड़े चालक, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के प्रशिक्षु और सरकारी योजनाओं से सहायता प्राप्त उत्कृष्ट नवोद्यम भी विशेष अतिथियों में शामिल रहे। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित युवाओं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों, पीएम विश्वकर्मा के कारीगरों और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से जुड़े लोगों को भी समारोह में बुलाया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के उत्कृष्ट किसानों और दिल्ली सरकार की विभिन्न प्रश्नोत्तरी एवं प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने भी समारोह में हिस्सा लिया। समारोह को देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पारंपरिक परिधानों में सजे 1,500 से अधिक लोग भी मौजूद रहे।
इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित रहा। लालकिले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया गया।

