September 28, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी: भगवत प्रसाद मकवाना

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस, देहरादून में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण और उनके लिए संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली।

भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शहरों को स्वच्छ रखने के साथ ही स्वस्थ एवं बेहतर सामाजिक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनके कार्य और सेवाओं को देखते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उनकी शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सरकारी स्तर पर सफाई कर्मचारियों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। कर्मचारियों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जानी चाहिए, ताकि वे सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में अपर सचिव एवं निदेशक, शहरी विकास विनोद गिरि गोस्वामी, एडीएम के.के. मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों से जुड़े विषयों और विभागीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी आयोग के अध्यक्ष के समक्ष रखी।

Leave a Comment