Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 16, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड के तीन निकायों में चुनाव का एलान, 9 जून को वोटिंग, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना



उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के तीन निकायों में होने वाले चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल), नगर पंचायत गढ़ीनेगी (ऊधमसिंह नगर) और नगर पंचायत पाटी (चंपावत) में अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे।

दरअसल, आरक्षण परीक्षण की प्रक्रिया के चलते इन तीन जिलों में निकाय चुनाव पहले नहीं हो पाए थे। अब शहरी विकास विभाग से प्रस्ताव मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

आयोग के अनुसार नामांकन पत्र 27 और 29 मई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 30 मई को होगी, जबकि उम्मीदवार 31 मई को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 1 जून को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदान 9 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 11 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी न्यायालय का कोई आदेश प्रभावी होता है तो उसका पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 26 मई तक आरक्षण और निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। आयोग ने यह भी कहा है कि चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिन भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि नामांकन और अन्य निर्वाचन कार्य बाधित न हों।

Leave a Comment