Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 9, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

सिर्फ सवाल मत पूछिए, समाधान भी खोजिए, IIT दिल्ली में पीएम मोदी का युवाओं को संदेश

PM Narendra Modi at IIT Delhi Convocation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को डिग्री और मेडल प्रदान किए और अपने संबोधन में युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। हालांकि, समारोह के दौरान पीएम मोदी की एक बात पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।



छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनके भविष्य की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “आप सभी और सारे स्टूडेंट्स इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं, लेकिन मन के किसी और कोने में कुछ और चल रहा होगा। मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं। लेकिन कुछ तो चलता होगा।”

पीएम मोदी की यह बात सुनते ही दीक्षांत समारोह में मौजूद छात्र-छात्राएं हंस पड़े। इसके बाद उन्होंने कहा कि हर छात्र के मन में आने वाले कल की अपनी एक तस्वीर होगी। कोई अपनी पहली सैलरी का इंतजार कर रहा होगा, तो कोई नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी में होगा। कुछ छात्र अपने पहले स्टार्टअप का सपना देख रहे होंगे, जबकि किसी ने प्रतियोगी परीक्षा को अपना लक्ष्य बनाया होगा।

उन्होंने कहा, “हर किसी का रास्ता अलग है।”

टीचर्स और कैंपस को हमेशा याद रखेंगे छात्र

प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में जब भी पीछे मुड़कर देखने का मौका मिलेगा, तो उन्हें IIT दिल्ली का कैंपस, दोस्त, शिक्षक, मेंटर्स और सपोर्ट स्टाफ जरूर याद आएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रोफेसरों ने छात्रों जैसी प्रतिभाओं को गढ़ने की जिम्मेदारी निभाई है और धीरे-धीरे संस्थान उनके लिए एक घर जैसा बन गया। पीएम मोदी ने कहा कि छात्र अपनी हर सफलता में इन सभी लोगों को याद करेंगे और उनके प्रति आभार व्यक्त करेंगे।

‘देश को आपकी जरूरत है’

पीएम मोदी ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए कहा, “हमें आप पर भरोसा है। देश को आपकी जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि हर पीढ़ी की अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी होती है। आने वाले 30 से 35 वर्षों में युवा जो भी करेंगे, उसका प्रभाव भारत के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य पर पड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने छात्रों से अपील की कि वे अपने हर बड़े फैसले के दौरान यह जरूर सोचें कि उससे देश को क्या लाभ होगा और वह देश की किस जरूरत को पूरा कर सकता है।

बदलती दुनिया में वही सफल होगा, जो सीखता रहेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है और यह कहना मुश्किल है कि 20 या 30 साल बाद दुनिया कैसी होगी। तकनीक, उद्योग और रोजगार के स्वरूप में लगातार बदलाव आएगा।

उन्होंने छात्रों से कहा कि बदलती परिस्थितियों और नई चुनौतियों के लिए खुले मन से तैयार रहने वाले लोग ही मुश्किलों को अवसरों में बदल पाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा, “जो सीखते रहेंगे, वही सफल होंगे।”

उन्होंने कहा कि वैश्विक रणनीतिक समीकरण भी तेजी से बदल रहे हैं और तकनीकी प्रगति की रफ्तार के कारण दुनिया में शक्ति संतुलन लगातार विकसित हो रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए जरूरी है कि वे खुद को समय के साथ अपडेट करते रहें।

तकनीक निभा रही है अहम भूमिका

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की तेजी से बदलती दुनिया में प्रौद्योगिकी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। आने वाले वर्षों में तकनीकी बदलाव और तेज होंगे और इसका असर उद्योगों से लेकर रोजगार तक हर क्षेत्र पर दिखाई देगा।

उन्होंने IIT दिल्ली से पढ़ाई पूरी कर रहे युवाओं से कहा कि संस्थान में उन्होंने केवल डिग्री हासिल नहीं की है, बल्कि बदलती परिस्थितियों के अनुसार सीखने और खुद को ढालने की क्षमता भी विकसित की है।

पीएम मोदी ने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं और आने वाले वर्षों में उनकी प्रतिभा भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment