अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आतंकवाद नियंत्रण, आगामी विधानसभा चुनाव, मुख्यमंत्री की सुरक्षा और चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टर बनाने संबंधी इनपुट और उसके साथियों की देशभर में गिरफ्तारियों के मद्देनजर सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। चीन और नेपाल सीमा से सटे जनपदों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, आईबी, सेना, राज्य पुलिस और एटीएस के शीर्ष अधिकारियों की उच्चस्तरीय अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित करने को कहा।
डीजीपी ने बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तथा वर्तमान चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के निर्बाध एवं सुरक्षित संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। विधानसभा चुनाव, कुंभ और धार्मिक आयोजनों के दौरान फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप समूहों पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने को कहा। भड़काऊ सामग्री, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों, भ्रामक खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो और डीपफेक की पहचान कर तत्काल आधिकारिक खंडन जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी पीएंडएम/मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह, एसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, एसपी सुरक्षा/एटीएस सरिता डोबाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

