दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 12, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की महिलाओं को आत्मनिर्भर, उद्यमी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी दिशा में सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप्स के लिए 10 करोड़ रुपए तक के कोलैटरल-फ्री लोन (बिना गिरवी ऋण) की व्यवस्था की है, जिसकी गारंटी स्वयं दिल्ली सरकार लेगी।

मेगा एसएचजी मेला-2026 का उद्घाटन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार शाम उत्तर पश्चिम दिल्ली स्थित यूनिटी वन मॉल, रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास आयोजित दो दिवसीय ‘मेगा सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) मेला-2026’ के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ‘स्वदेशी अपनाओ’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ का विजन देश के सामने रख रहे हैं। यह मेला महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों को बाजार से जोड़ने का सशक्त प्रयास है।

मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में मिलेगा मंच

सीएम रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार अब मॉल और बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों में स्वदेशी उत्पादों के लिए नियमित रूप से उचित मंच उपलब्ध कराएगी, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की महिलाएं घरों में रहकर छोटे-छोटे उद्योगों और हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बने हस्तशिल्प, खादी, घरेलू उत्पाद और हस्तनिर्मित वस्तुएं गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं, जरूरत केवल बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग की है।

स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील

उन्होंने कहा कि भारत रक्षा, अंतरिक्ष, कृषि और विनिर्माण समेत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में महिलाओं द्वारा तैयार घरेलू और हस्तनिर्मित उत्पादों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से विदेशी वस्तुओं के बजाय स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।

महिलाओं को आसान ऋण दिलाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि राजधानी की हर महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े, अपना उत्पाद तैयार करे और उसे बाजार तक पहुंचाए। उन्होंने बताया कि सरकार बैंकों के माध्यम से महिलाओं को आसान ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है। इसी उद्देश्य से मेले में विभिन्न बैंकों को शामिल किया गया, ताकि स्वयं सहायता समूहों की बैंकिंग और वित्तीय पहुंच मजबूत हो सके।

‘मंडे मेट्रो’ और ‘नो व्हीकल डे’ को बढ़ावा

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया है। दिल्ली सरकार भी ‘मंडे मेट्रो’ और ‘नो व्हीकल डे’ जैसे अभियानों को बढ़ावा दे रही है, ताकि ईंधन की बचत हो और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बने।

24 स्वयं सहायता समूहों ने लिया हिस्सा

इस मेगा मेले में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। मेले में हस्तशिल्प, क्रोशिया कार्य, खादी, घरेलू उत्पाद, खाद्य सामग्री और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। उत्तर पश्चिम जिले के ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के तहत हस्तशिल्प को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

Related posts

Indian Railways India first cable bridge Anji bridge : भारतीय रेलवे ने बनाया कीर्तिमान, देश का पहला केबल ब्रिज तैयार, देखें वीडियो

admin

Himachal heavy rain हिमाचल में मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान, रेलवे पुल की दीवार भरभराकर गिरी, भूस्खलन होने से सैकड़ों गांवों का टूटा संपर्क

admin

मुंबई से जोधपुर आ रही सूर्यनगरी एक्सप्रेस की 11 बोगियां राजस्थान के पाली में पटरी से उतरी, 10 यात्री घायल

admin

Leave a Comment