Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 17, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून में बरसाती नाले का कहर: तेज बहाव में बहीं दो सगी मासूम बहनें, मौत से पसरा मातम

देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की जान चली गई। बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के बाहर बरसाती नाले में नहा रही थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। बहते हुए वे नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि शाम करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि नई बस्ती में दो नाबालिग बच्चियां बरसाती नाले में बह गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों बच्चियां रीना कुमारी की बेटियां थीं और नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से यह दुखद हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, बच्चियों का परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। रोजगार की तलाश में परिवार देहरादून आकर नई बस्ती में रह रहा था। घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment