August 28, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

रक्षाबंधन पर दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी भीड़, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत कई मार्गों पर लगा लंबा जाम


रक्षाबंधन के पर्व पर शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन और सड़कों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बहनों को राखी बांधने और परिवार से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से निकल रहे हैं। इसके चलते सुबह से ही मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। कई स्टेशनों पर प्रवेश द्वार और टिकट काउंटरों के पास लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।

त्योहार से पहले गुरुवार शाम से ही दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया था। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और गाजियाबाद की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लाल कुआं और जीटी रोड पर भी यातायात की रफ्तार धीमी रही। कई प्रमुख चौराहों और फ्लाईओवर पर वाहनों की भीड़ के कारण लोगों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

नोएडा के बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के आसपास भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। त्योहार के लिए निकलने वाले लोगों के साथ कार्यालय जाने वाले यात्रियों की मौजूदगी से सड़क पर दबाव और बढ़ गया।

रक्षाबंधन को देखते हुए यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। कुछ स्थानों पर यातायात का मार्ग बदला गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि, कुछ वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया।

यात्रायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें, संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो और बस सेवाओं में भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।

Leave a Comment