Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 8, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन आज, सीईसी के इस्तीफे और एसआईआर रद्द करने की मांग


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने आज देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने चुनाव आयोग की ओर से अपनाई जा रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

कांग्रेस और विपक्षी दलों का कहना है कि एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। विपक्ष इसे ‘वोट चोरी’ का मामला बता रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव से पात्र मतदाताओं के मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है।

कांग्रेस की ओर से एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने, हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। पार्टी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है।

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पिछले दो दिनों से विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र के लिए ‘काला दिन’ करार दिया है। कांग्रेस का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करना लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है।

देशव्यापी प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस अब इस मुद्दे को और मजबूती से उठाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची से जुड़े किसी भी बदलाव में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी योग्य नागरिक का नाम गलती से न हटे। विपक्षी दलों ने भी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं और चुनाव आयोग से प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और विपक्षी दल जहां इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बता रहे हैं, वहीं चुनाव प्रक्रिया को लेकर आगे की राजनीतिक लड़ाई सड़क से लेकर राजनीतिक मंच तक जारी रहने के संकेत हैं। आज होने वाले देशव्यापी प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।

Leave a Comment