Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी जनता की शिकायतों को डिजिटल माध्यम से त्वरित करेंगे निस्तारित


अपने दूसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरा जोर दे रहे हैं। शुक्रवार को सीएम धामी ने राजधानी देहरादून में जनता के लिए ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। ‌मुख्यमंत्री ने इस ऑनलाइन पोर्टल की सोशल मीडिया पर खुद जानकारी साझा की। ‌सीएम धामी ने पोस्ट करते हुए लिखा कि आज सचिवालय में “मुख्यमंत्री सन्दर्भों /पत्रों के ऑनलाइन पोर्टल” का शुभारंभ किया। यह पोर्टल सीएम हेल्पलाइन 1905 के साथ सम्बद्ध कर दिया गया है। इसके माध्यम से अब पूरी पारदर्शिता और समय की बचत के साथ मुख्यमंत्री सन्दर्भों /पत्रों का क्रियान्वयन किया जा सकेगा। इस पोर्टल का ऑनलाइन अवलोकन करते हुए मैंने चम्पावत निवासी श्री मुकेश राम जी से फोन पर बात की एवं उनकी समस्या का संज्ञान लेकर सम्बन्धित अधिकारी को त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया। साथ ही अब सीएम हेल्पलाइन 1905, अपणि सरकार पोर्टल एवं एप 1064 की नियमित समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय को प्राप्त संदर्भ /पत्र अब एक क्लिक के माध्यम से संबंधित विभागीय सचिव, विभागीय अधिकारी को प्राप्त हो जाएगा। इसका शिकायतकर्ता को भी उनके द्वारा दर्ज मोबाइल नंबर पर मैसेज पहुंचेगा। शिकायतकर्ता को मैसेज के साथ एक लिंक मिलेगा, जिस पर वे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की प्रत्येक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। शिकायत जिस विभाग के जिस अधिकारी से संबधित होगी, उन्हें निश्चित समयावधि के अंदर उसका निस्तारण करना होगा।

Leave a Comment