बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार शाम अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखा कारोबारी मोहम्मद अमीरुद्दीन मियां के रिहायशी मकान में हुए धमाके में करीब सात लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, प्रशासन ने अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह ढह गया और मलबा दूर सड़क तक जा गिरा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पटाखा कारोबारी, उनके परिवार के पांच सदस्य और दो मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। परिवार में कारोबारी की तीन पोतियों और एक पोते की भी मौत की खबर है। विस्फोट के बाद करीब दो घंटे तक मकान के मलबे से पटाखे फटने की आवाजें आती रहीं। इससे बचाव अभियान में भी मुश्किलें आईं। सूचना मिलने पर प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू किया। सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के मुताबिक, फिलहाल मलबे से शवों को निकालने और राहत-बचाव का काम जारी है। मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही मृतकों की सही संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

