Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षा, कुंभ-2027 और सड़क विकास के लिए 496 करोड़ रुपये की मंजूर दी

उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा व्यवस्था, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और सड़क सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 496 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से प्रदेश में शिक्षा संबंधी कार्यों के संचालन, हरिद्वार में कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण जैसे कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही वित्त सेवा संवर्ग के छह अधिकारियों को चयन वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नति देने की भी मंजूरी दी गई है। स्वीकृत बजट के तहत समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत वेतन-भत्तों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 को देखते हुए घाटों के विस्तार, सौंदर्यीकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी खर्च किया जाएगा। कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, टिहरी और देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और दूरस्थ इलाकों तक आवश्यक सेवाओं की पहुंच आसान होगी। कुछ स्थानों पर हेलीपैड विकास से संबंधित कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन स्वीकृतियों से शिक्षा, धार्मिक पर्यटन और परिवहन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। वित्त सेवा संवर्ग के छह अधिकारियों को चयन वेतनमान में पदोन्नति मिलने से प्रशासनिक व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

Leave a Comment