Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 13, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून में नंदा की चौकी पुल का सीएम धामी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली।

नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने तेजी से काम करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे में पूरा कर लिया। इसके बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सका और स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने के साथ ही सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा या सड़क क्षति जैसी परिस्थितियों में आमजन को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कार्मिकों के समर्पित एवं त्वरित प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, कार्यक्रम आयोजक पी.के. अग्रवाल और लक्ष्मी अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment