मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने खटीमा के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, स्टेडियम, क्रियाशाला और सर्किट हाउस के निर्माण के साथ ही वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से स्थानीय लोगों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। पार्क को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा के लिए पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वन एवं पर्यावरण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। राज्य सरकार प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर तैयार किए जा सकें।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, विभिन्न दायित्वधारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

