हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में इंसानियत और साहस की मिसाल पेश करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तेज बारिश के कारण सड़क पर आए पानी के बहाव में फंसे एक बाइक सवार की जान एक परिवार ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से बचा ली। इस दौरान परिवार की महिलाओं के दुपट्टे युवक के लिए जिंदगी की डोर बन गए।
मामला चंबा जिले के बनीखेत क्षेत्र के कमलाड़ी में तुनुहट्टी-ककिरा मार्ग का बताया जा रहा है। भारी बारिश के चलते सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज था कि वहां से गुजरना मुश्किल हो गया था। इसी दौरान ककिरा से तुनुहट्टी की ओर जा रहे एक परिवार की नजर पानी के बीच फंसे बाइक सवार पर पड़ी।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी बाइक समेत सड़क किनारे पैरापिट के पास फंस गया था। पानी का बहाव लगातार तेज होने के कारण उसके नाले में बह जाने का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने तुरंत वाहन रोका और युवक को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
परिवार की महिलाओं ने अपने दुपट्टे उतारकर उन्हें आपस में गांठ लगाकर लंबी रस्सी जैसा बनाया। इसके बाद दुपट्टे को युवक की ओर फेंका गया। परिवार के सदस्यों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को दुपट्टे के सहारे तेज बहाव से बाहर निकाल लिया और सुरक्षित अपनी गाड़ी में बैठाया।
वायरल वीडियो में युवक को अपनी बाइक छोड़ने में हिचकिचाते हुए भी देखा जा सकता है। इस पर परिवार का एक सदस्य उसे समझाता नजर आता है कि बाइक से ज्यादा जरूरी उसकी जिंदगी है।
घटना में युवक और उसकी मदद करने वाले परिवार की पहचान अभी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर लोग परिवार के साहस, सूझबूझ और मानवता की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

