September 16, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन आज, देहरादून से पहाड़ तक सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम, पीएम मोदी, सीएम योगी ने दी बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर राजधानी देहरादून समेत पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और समर्थकों की ओर से मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर सेवा, सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जबकि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रक्तदान शिविर, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, पूजा-अर्चना, हवन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर मुख्यमंत्री धामी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विकसित उत्तराखंड अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने बाबा केदारनाथ से मुख्यमंत्री के यशस्वी जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन के अवसर पर आज कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे राजपुर में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचेंगे। दोपहर 12:15 बजे वह रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय लौटेंगे।

देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जा रहे हैं, जबकि युवा मोर्चा की ओर से अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं।

प्रदेश के पहाड़ी जिलों में भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यमकेश्वर के शिव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और यज्ञ का आयोजन किया गया। पौड़ी के कंडोलिया मंदिर में हवन-कीर्तन हुआ। इन धार्मिक आयोजनों में मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। वहीं, बाल वनिता आश्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कल से शुरू होगा सेवा संकल्प माह, जानिए धामी के मुख्यमंत्री बनने से लेकर दूसरे कार्यकाल तक का सफर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के बाद 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा संकल्प माह की शुरुआत होगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान चित्रकला प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन, नुक्कड़ नाटक, रक्तदान शिविर समेत विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर की शाम भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों की ओर से अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। पुष्कर सिंह धामी का जन्म 16 सितंबर 1975 को पिथौरागढ़ जिले के तुण्डी गांव में हुआ था। उनका राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और बाद में भारतीय जनता पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2012 में वह पहली बार खटीमा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2017 में भी उन्होंने खटीमा से विधानसभा चुनाव जीता।

उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव उस समय आया जब 4 जुलाई 2021 को पुष्कर सिंह धामी ने पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने तीरथ सिंह रावत के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उस समय धामी राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल करीब आठ महीने का रहा और 2022 के विधानसभा चुनाव तक चला।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट से हार गए थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दोबारा सौंपी। उन्होंने 23 मार्च 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद उन्होंने चंपावत विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

दूसरे कार्यकाल में धामी सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, धर्मांतरण विरोधी कानून और भूमि कानून जैसे विषयों पर कदम उठाए गए। रोजगार, निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार की ओर से कई योजनाओं और अभियानों पर काम किया गया।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में इन योजनाओं और सरकार के कार्यों को भी जनता तक पहुंचाया जा रहा है। देहरादून से लेकर पहाड़ के विभिन्न जिलों तक भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन सेवा कार्यों में जुटे हैं। कहीं रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं तो कहीं अस्पतालों में मरीजों को फल बांटे जा रहे हैं। मंदिरों में मुख्यमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए पूजा-अर्चना और यज्ञ किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाला सेवा संकल्प माह भी प्रदेश में सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की तैयारी है।

Leave a Comment