मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शासकीय आवास से पिथौरागढ़ में आयोजित ऐतिहासिक हिलजात्रा महोत्सव को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पिथौरागढ़ की जनता को हिलजात्रा पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने ग्राम जाखनी स्थित बाबा गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिलजात्रा उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है। सातू-आठू पर्व से शुरू होने वाली इसकी भक्ति धारा घर-घर में मां गौरा और भगवान महेश्वर की पारंपरिक पूजा के साथ आगे बढ़ती है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लेकर आए।
उन्होंने कहा कि 500 वर्षों से अधिक समय से मनाया जा रहा हिलजात्रा पर्व पिथौरागढ़ की संस्कृति और परंपराओं की विशिष्ट पहचान बन चुका है। सोरघाटी की यह ऐतिहासिक हिलजात्रा आस्था और विश्वास का प्रतीक होने के साथ पहाड़ी जीवन के संघर्ष, साधना तथा कृषि-पशुपालन आधारित ग्रामीण जीवन की झलक भी प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व लोगों को अपने पूर्वजों की महान परंपराओं, आदर्शों और वीरता का स्मरण कराने के साथ सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ता है। पर्व में भगवान शिव के गण लखिया भूत का आगमन सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास, विरासत और विश्वास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान, संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नया स्वरूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड के पारंपरिक पर्वों, मेलों और त्योहारों को उनकी मूल पहचान और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत के महत्व को समझने और उसके संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

