दिल्ली में रविवार रात करीब 9:30 बजे आईटीओ के पास एक तेज सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार पहले डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार करने के बाद सामने से आ रही इनोवा से जा भिड़ी। हादसे में इनोवा में सवार किराड़ी विधानसभा के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे आई.पी. एस्टेट पुलिस थाने को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि हादसे में स्विफ्ट और इनोवा दो वाहन शामिल हैं। शुरुआती स्थानीय जांच के मुताबिक, 32 वर्षीय आशुतोष पांडे स्विफ्ट चला रहे थे और उनके साथ उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी कार में मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, स्विफ्ट कार लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही थी। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार रेलिंग पार कर दूसरी दिशा में पहुंच गई और आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही इनोवा से टकरा गई।
इनोवा में सवार थे दो विधायक
हादसे के समय इनोवा में किराड़ी विधानसभा के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों को चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।

