उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए देर रात 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में कई महत्वपूर्ण विभागों के नेतृत्व में परिवर्तन किया गया है। सबसे अहम बदलाव मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह को लेकर हुआ है, जिन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम के लिए रिलीव कर दिया गया है।
सिक्किम कैडर के 2005 बैच के अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए जौहर यूनिवर्सिटी और सपा नेता आजम खान से जुड़े मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई के कारण वे सुर्खियों में रहे। केंद्र सरकार की ओर से उन्हें सात बार सेवा विस्तार मिला। 14 अगस्त को कार्यकाल पूरा होने के बाद अब उन्हें मूल कैडर वापस भेज दिया गया है।
आंजनेय सिंह के स्थान पर अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज में राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) सोम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा गोरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय आयुष मिशन, प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्राम्य विकास आयुक्त और मासूम अली सरवर को जल निगम (नगरीय) के प्रबंध निदेशक के साथ अमृत योजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
योगेश कुमार को जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक, डॉ. राज शेखर को नियोजन विभाग का सचिव और कुमार प्रशांत को सहकारिता विभाग का आयुक्त एवं निबंधक बनाया गया है। गुरुत्ता श्रीनिवासुलु को राज्य सूचना आयोग का सचिव और अमृत पाल कौर को यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ में संयुक्त प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
आईएएस तबादलों से कुछ दिन पहले ही प्रदेश में नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे। इसके बाद अब प्रशासनिक स्तर पर हुए इस फेरबदल को शासन व्यवस्था में व्यापक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

