Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 5, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में 5 से 23 अक्टूबर तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली

भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। रुड़की में 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE 2027) पास कर चुके अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT), टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सेना के अनुसार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से 10-10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के रैली में पहुंचने की संभावना है। इन अभ्यर्थियों ने अप्रैल में आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में हिस्सा लिया था।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रुड़की पहुंचने को देखते हुए सेना ने स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा है। अभ्यर्थियों के ठहरने, सोने, पेयजल और परिवहन जैसी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन तैयारी कर रहा है। रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि सेना की ओर से भर्ती रैली को लेकर जानकारी प्राप्त हो चुकी है।

प्रशासन की ओर से युवाओं की सुविधा के लिए रहने और पानी की व्यवस्था के साथ ही ई-रिक्शा के किराये को नियंत्रित रखने तथा परिवहन व्यवस्था बेहतर करने पर भी काम किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रशासन ने सेना से यह भी अनुरोध किया है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को लाने-ले जाने वाली गाड़ियों को निर्धारित व्यवस्था के तहत अंदर तक आने की अनुमति दी जाए, ताकि युवाओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment