September 13, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

ब्रिक्स समिट का समापन, पीएम मोदी बोले- दुनिया को अब वादे नहीं ठोस नतीजे चाहिए




18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट का समापन हो गया है। समापन भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्स अब अपने तीसरे दशक में प्रवेश करने जा रहा है। दुनिया अब समूह से केवल विचारों और वादों की नहीं, बल्कि ठोस नतीजों की उम्मीद करती है। मुझे भरोसा है कि हम अपनी सामूहिक कोशिशों से इन उम्मीदों पर जरूर खरे उतरेंगे। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स की अगली मेजबानी के लिए चीन को एक बार फिर शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल कृषि पर आधारित ब्रिक्स नेटवर्क को किसानों के लिए नए अवसर पैदा करने वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भू-स्थानिक तकनीक और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को किसानों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ा जाएगा। इससे कृषि क्षेत्र में तकनीक का लाभ पहुंचाने और किसानों के सामने नए अवसर खोलने में मदद मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों का हथियार के रूप में इस्तेमाल साझा प्रगति में बाधा बन सकता है। इसलिए तकनीक को अपनाने में समावेशिता पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों को मिलकर ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिसमें तकनीकी प्रगति का लाभ सभी तक पहुंचे।
वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने ब्रिक्स देशों से नवाचार केंद्र बनाने और भविष्य के उद्योगों को विकसित करने की अपील की। उन्होंने वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत तथा स्थिर बनाए रखने के लिए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। शी ने पारंपरिक उद्योगों को उन्नत बनाकर एक साझा और एकीकृत बाजार विकसित करने की आवश्यकता बताई।
शी चिनफिंग ने कहा कि बदलती वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में ब्रिक्स देशों के बीच औद्योगिक और तकनीकी सहयोग महत्वपूर्ण है। नवाचार, भविष्य के उद्योगों और आपूर्ति श्रृंखलाओं के क्षेत्र में मिलकर काम करने से सदस्य देशों की आर्थिक क्षमता मजबूत हो सकती है।
शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली से अपने देश के लिए रवाना हो गए। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली से रवाना हुए। दोनों नेताओं की भारत यात्रा और सम्मेलन में भागीदारी को समूह के सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया।
ब्रिक्स समिट के समापन के साथ ही चीन की अगली मेजबानी की तैयारियों का रास्ता साफ हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि ब्रिक्स आगे भी वैश्विक सहयोग, आर्थिक विकास और साझा प्रगति को मजबूत करने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment