September 1, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

दिल्ली-पुणे स्पाइसजेट फ्लाइट में AC फेल, गर्भवती महिला समेत कई यात्रियों की बिगड़ी तबीयत, 6 घंटे बाद मिली दूसरी उड़ान

दिल्ली से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में मंगलवार रात एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम खराब होने से करीब 150 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। केबिन का तापमान लगातार बढ़ने से कई यात्रियों को घुटन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस दौरान एक गर्भवती महिला की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए एयरलाइन ने अंततः उड़ान रद्द कर दी।

जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट की यह फ्लाइट मंगलवार रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से रात 9:45 बजे पुणे के लिए रवाना होने वाली थी। तकनीकी कारणों से पहले उड़ान को रात 10:30 बजे तक टाल दिया गया। निर्धारित समय पर यात्रियों को विमान में बैठा दिया गया, लेकिन टेकऑफ से पहले ही केबिन का AC और वेंटिलेशन सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिससे विमान के अंदर गर्मी और उमस तेजी से बढ़ गई।

यात्रियों का आरोप है कि लंबे समय तक विमान के अंदर बैठे रहने के बावजूद एयरलाइन की ओर से कोई संतोषजनक व्यवस्था नहीं की गई। कई लोगों ने बताया कि उन्हें पीने का पानी, नाश्ता या खाने के कूपन तक उपलब्ध नहीं कराए गए। बढ़ती गर्मी और घुटन के कारण यात्रियों ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद एयरलाइन ने फ्लाइट रद्द करने का फैसला लिया।

फ्लाइट रद्द होने के बाद सभी यात्री छह घंटे से अधिक समय तक दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे रहे। बुधवार सुबह एयरलाइन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से पुणे रवाना किया।

घटना के बाद यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं और कहा कि तकनीकी खराबी की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए।

Leave a Comment