Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 26, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

Sathish Shah No More फिल्मों में अपने रोल से सबको गुदगुदाने वाले एक्टर सतीश शाह नहीं रहे, फिल्म इंडस्ट्रीज में शोक 



कॉमेडी फिल्मों में अपने रोल से सबको गुदगुदाने वाले एक्टर सतीश शाह का निधन हो गया है। सतीश शाह की आज अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले लंबे समय से किडनी की बीमारी से जंग लड़ रहे थे। वह 74 वर्ष के थे। सतीश शाह के निजी सहायक रहे रमेश कडातला ने बताया कि अभिनेता का शनिवार दोपहर के समय बांद्रा पूर्वी स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। कडातला ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ, हालांकि हम उनकी मौत के कारणों के बारे में डॉक्टर की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

सतीश शाह का जन्म एक गुजराती परिवार में हुआ था। वह टीवी और सिनेमा का हंसाने और गुदगुदाने वाला चेहरा थे। उन्होंने अपनी बेमिसाल एक्टिंग के दम पर अलग पहचान बनाई। उन्होंने टीवी पर छोटा रोल हो या पर्दे पर बड़ा रोल, दोनों को पूरे मन से निभाया है। उनके निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि एक बहुमुखी अभिनेता के रूप में सतीश शाह ने फिल्म और रंगमंच उद्योग में अपनी अनूठी और अमिट छाप छोड़ी है। अपने सहज और सुंदर अभिनय के माध्यम से वे अपने द्वारा निभाई गई भूमिकाओं के माध्यम से प्रशंसकों के दिलों में सदैव बने रहेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि वे भारतीय सिनेमा जगत के प्रख्यात अभिनेता सतीश शाह के निधन की खबर से स्तब्ध हैं।

‘जाने भी दो यारों,’ ‘मैं हूं ना,’ ‘कहो ना प्यार है,’ ‘हम साथ साथ हैं,’ और ‘जुड़वा’ जैसी फिल्में एवं ’साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे धारावाहिक में अपने अभिनय और अपनी अद्भुत हास्य शैली से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया।

उनके जाने से भारतीय कला क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार, परिचितों और उनसे जुड़े सभी लोगों को यह दर्द सहने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Comment