Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

हरेला पर्व पर सीएम धामी ने किया सघन पौधरोपण, धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का किया भ्रमण


हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने मालाग्राम स्थित धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का विस्तृत भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के विकास, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने बताया कि मालाग्राम स्थित धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment