उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। खुफिया इनपुट और सुरक्षा समीक्षा के आधार पर राज्य के 44 प्रमुख नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हैं।
सुरक्षा मुख्यालय की ओर से करीब 10 लाख रुपये की लागत से विशेष बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला किसी राजनीतिक दल विशेष को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि नेताओं की सुरक्षा को संभावित खतरे और उनकी सुरक्षा श्रेणी के आधार पर लिया गया है।
11 मंत्री भी सूची में शामिल
इस सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में योगी सरकार के 11 कैबिनेट और राज्य मंत्री भी शामिल हैं। इनमें संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ जैसे प्रमुख नाम बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता संगीत सोम और सुरेश राणा को भी बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
Y से Z+ सुरक्षा वाले नेताओं को सुरक्षा कवच
बुलेटप्रूफ जैकेट उन नेताओं को उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिन्हें Y से लेकर Z+ श्रेणी तक की सुरक्षा मिली हुई है। कुछ चुनिंदा विधायकों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।
चुनाव के दौरान जनसभाओं, रोड-शो और रैलियों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट को देखते हुए किसी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, जैकेट उपलब्ध कराने के सटीक तकनीकी और खुफिया कारणों को लेकर सरकार या सुरक्षा मुख्यालय की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
यूपी में 98 लोगों को सुरक्षा, 12 को जेड प्लस सिक्योरिटी
यूपी में 98 लोगों को सुरक्षा दी गई है। इनमें सबसे ज्यादा 26 लोगों को Y कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। वहीं, 10 को Y-प्लस, 10 को एस्कॉर्ट के साथ Y कैटेगरी और एस्कॉर्ट के साथ Y-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा 13 लोगों को मिली हुई है।
Z-प्लस की सुरक्षा जिन 12 लोगों को मिली है, उनमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी के साथ अखिलेश यादव और मायावती भी शामिल हैं। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, सुरेश राणा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और हाईकोर्ट के एक रिटायर्ड जज को ये सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। बसपा के कद्दावर नेता सतीश चंद्र मिश्रा को भी Z सुरक्षा दी गई है। इनके अलावा, मेरठ की सरधना सीट से भाजपा विधायक रह चुके संगीत सोम, गोंडा से 6 बार सांसद रह चुके बृजभूषण शरण सिंह, प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी को भी Z सुरक्षा मिली है।
इन मंत्रियों के पास Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा
प्रदेश सरकार के जिन मंत्रियों को Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है, उसमें लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, ओम प्रकाश राजभर, बलदेव सिंह औलख शामिल हैं। जबकि, कुछ सांसदों और विधायकों को भी इसी कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
उन्नाव से सांसद स्वामी सच्चिदानंद साक्षी, रायबरेली से विधायक आदिति सिंह, लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से विधायक राजेश्वर सिंह, रामपुर से विधायक आकाश सक्सेना, अलीगढ़ से विधायक ठाकुर जयवीर सिंह और गाजीपुर से एमएलसी विशाल सिंह चंचल को भी Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ मुहैया कराई गई है। इसके अलावा पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल और पूर्व सांसद दिनेश लाल निरहुआ, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय का नाम शामिल है।

