देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में 17 अगस्त से आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का गुरुवार को समापन हो गया। चार दिनों तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 44 मेडल अपने नाम किए, जो प्रतियोगिता में किसी भी देश के सबसे ज्यादा मेडल हैं।
भारत ने प्रतियोगिता में 13 गोल्ड, 13 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल जीते। हालांकि गोल्ड मेडल की संख्या के मामले में थाईलैंड 16 गोल्ड के साथ भारत से आगे रहा और कुल पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत ने आखिरी दिन 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज समेत कुल 8 मेडल जीते। जूनियर C बॉयज 777 मीटर रेस में सिद्धांत मांजगे ने गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में अपना तीसरा गोल्ड मेडल जीता।
सिद्धांत मांजगे भारतीय दल के सबसे सफल खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने जूनियर C बॉयज की 1000 मीटर, 500 मीटर और 777 मीटर रेस में लगातार तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं जीएस ब्रधिशा और आर्यन सुजीत बाविस्कर ने भी दो-दो गोल्ड मेडल जीते।
सिल्वर मेडल की बात करें तो समायरा त्यागी ने सबसे ज्यादा दो सिल्वर मेडल हासिल किए। वहीं कीर्ति राज सिंह और अद्वय कोठारी ने दो-दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। देहरादून में आयोजित इस प्रतियोगिता ने भारतीय शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया।
previous post

