उत्तराखंड का यमकेश्वर बना विकास और आध्यात्म का केंद्र : सीएम योगी और धामी ने दी सौगात - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
June 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड का यमकेश्वर बना विकास और आध्यात्म का केंद्र : सीएम योगी और धामी ने दी सौगात




उत्तराखण्ड की पावन भूमि यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) गुरुवार को दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के ऐतिहासिक मिलन और विकास कार्यों की गवाह बनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से यमकेश्वर क्षेत्र का भ्रमण कर महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। यमकेश्वर पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लिया और ग्रामीणों व परिवारजनों के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीन वर्ष पहले जहां केवल आस्था थी, आज वहां भव्य मंदिर आकार ले चुका है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की बरसी का उल्लेख किया। उन्होंने बिथ्याणी महाविद्यालय को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में महाविद्यालय को हाईटेक बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का उद्घाटन भी किया गया। डिजिटल तकनीक का अनूठा दृश्य तब देखने को मिला, जब योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि पुष्कर सिंह धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन तथा ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के लिए महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का शिलान्यास किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया। प्रस्तावित स्टेडियम स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, उच्च शिक्षा निदेशक आनंद उनियाल, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसडीएम चतर सिंह चौहान, महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

CM Pushkar Singh Dhami PM Modi meet Delhi : सीएम धामी ने दिल्ली दौरे के दौरान पीएम मोदी से मुलाकात कर चार धाम यात्रा और विकास कार्यों की दी जानकारी

admin

अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर संगोष्ठी व प्रदर्शनी का आयोजन, 24 दिसंबर से देहरादून में होगा शुभारंभ

admin

प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि की 14वीं किस्त जारी, उत्तराखंड के 7 लाख 60 हजार किसान होंगे लाभान्वित

admin

Leave a Comment