Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 5, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में इंटरनेशनल कन्वेन्शन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज़ (ICEI) द्वारा आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “Wed in Uttarakhand” विजन को साकार करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में उत्तराखंड को देश-विदेश के प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रियुगीनारायण, ओंकारेश्वर (ऊखीमठ), रामनगर, टिहरी, मसूरी सहित कई अन्य उपयुक्त स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को भी संरक्षित रखा जाएगा, ताकि पर्यटकों और नवविवाहित जोड़ों को एक अनूठा अनुभव मिल सके।

उन्होंने कहा कि वेडिंग टूरिज्म केवल पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। होटल, परिवहन, इवेंट मैनेजमेंट, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और अन्य सेवाओं से जुड़े हजारों लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और पलायन रोकने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक आगंतुक को देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और आत्मीय आतिथ्य का अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करना है। इसी सोच के तहत राज्य में वेडिंग टूरिज्म के साथ-साथ आध्यात्मिक, वेलनेस और सांस्कृतिक पर्यटन को भी निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और पर्यटन उद्योग के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड आने वाले वर्षों में देश का प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन केंद्र बनकर नई पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Comment