September 30, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव : DAV में ABVP के नवदीप राणा अध्यक्ष, MKP में आयुषी पैन्यूली की जीत, कई कॉलेजों में नतीजे जारी, हंगामे के बीच मतगणना


उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं। देहरादून के DAV PG कॉलेज में ABVP के नवदीप राणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। जीत के बाद नवदीप राणा और उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। वहीं देहरादून के MKP PG कॉलेज में भी ABVP ने पांच पदों पर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद पर ABVP की आयुषी पैन्यूली ने NSUI की प्राची शर्मा को 53 वोट से हराया। उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भी ABVP प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि कोषाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया।

देहरादून के SGRR कॉलेज में ABVP ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। नैनीताल के DSB परिसर में निर्दलीय भानु प्रताप सिंह चौहान अध्यक्ष चुने गए हैं। यहां अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान, ABVP के शुभम कुमार और निर्दलीय हिमांशु आर्य के बीच मुकाबला था।

हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में मतदान के बाद छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के सिर में चोट लगने की सूचना है। छात्रों की झड़प के बीच छात्राएं भी आपस में भिड़ गईं और एक-दूसरे के बाल खींचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठी फटकारकर छात्रों को मौके से हटाया। MBPG में अध्यक्ष पद पर ABVP के धीरज बिष्ट, NSUI के मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच मुकाबला था।

देहरादून के DAV PG कॉलेज में भी मतगणना के दौरान हंगामा हुआ। कुछ लोगों ने कॉलेज गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। काउंटिंग स्थल पर तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया।

रुड़की के KLDAV कॉलेज में NSUI ने छह में से चार पदों पर जीत दर्ज की है। वहीं सतपुली में NSUI और बेरीनाग में ABVP ने सभी पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। राज्य के अन्य महाविद्यालयों में भी मतगणना और परिणाम जारी होने का सिलसिला चल रहा है।

एमकेपी में पांच पद ABVP के खाते में

देहरादून के एमकेपी पीजी कॉलेज में छह पदों के लिए चुनाव हुआ। यहां अध्यक्ष पद पर आयुषी पैन्यूली ने 268 वोट हासिल कर प्राची शर्मा को 53 वोट से हराया। उपाध्यक्ष पद पर भावना, महासचिव पद पर कृति, सह सचिव पद पर रेनू थापा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर परीना नेगी विजयी रहीं। कोषाध्यक्ष पद पर NSUI की मोनिका रौथाण पहले ही निर्विरोध विजेता घोषित की गई थीं। कॉलेज में कुल 1289 छात्राओं में से 489 ने मतदान किया।

इस तरह देहरादून के प्रमुख कॉलेजों से सामने आए नतीजों में DAV और MKP में ABVP को महत्वपूर्ण जीत मिली है, जबकि अलग-अलग कॉलेजों में NSUI और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों के साथ कई परिसरों में जश्न का माहौल है, वहीं कुछ जगहों पर चुनावी विवाद और हंगामे की घटनाएं भी सामने आई हैं।

Leave a Comment