उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने सोमवार देर शाम 14 पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इनमें एक सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 10 सीधी भर्ती के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और पदोन्नति के बाद तैनाती पाने वाले तीन डीएसपी शामिल हैं। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में रिक्त पदों के सापेक्ष जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस आरआर-2023 बैच के अधिकारी देवव्रत जोशी को हरिद्वार में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती मिली है।
पदोन्नति के बाद तीन डीएसपी को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेश साह को बागेश्वर, प्रदीप पंत को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार और नदीम अतहर को आईआरबी द्वितीय देहरादून में तैनात किया गया है। वहीं, प्रशिक्षण पूरा करने वाले 10 सीधी भर्ती के डीएसपी को विभिन्न जिलों में जिम्मेदारी दी गई है। दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधमसिंहनगर, लव शर्मा को नैनीताल और तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल भेजा गया है। आदित्य तिवारी को देहरादून, समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ति कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग और विनय सिंह को नैनीताल में तैनाती दी गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद इन अधिकारियों को निर्धारित स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। नई तैनातियों से संबंधित जिलों और पुलिस इकाइयों में रिक्त पदों को भरने के साथ पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

