उत्तराखंड में बम धमकी से हाई अलर्ट, सीएम धामी बोले- शांति भंग करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 6, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बम धमकी से हाई अलर्ट, सीएम धामी बोले- शांति भंग करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे



उत्तराखंड के कई शहरों, पुलिस थानों और चारधाम यात्रा से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कथित तौर पर खालिस्तानी नाम से भेजे गए धमकी भरे ईमेल के बाद सरकार और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य की शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

धमकी भरे ईमेल के बाद राज्य पुलिस, खुफिया एजेंसियों और साइबर विशेषज्ञों को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक संस्थानों और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन पर भरोसा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और नागरिकों व यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य की शांति और सुरक्षा को चुनौती देने वाली किसी भी ताकत से पूरी सख्ती के साथ निपटा जाएगा।

Related posts

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: शाम को बिजली-आंधी से बदला मौसम, रात में आया ‘सीवियर अलर्ट’, पिथौरागढ़ में गिरे ओले, तीन दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि के आसार

admin

Kavad Yatra Nameplate supreme court : कांवड़ यात्रा-नेमप्लेट विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, यूपी, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश की सरकारों को नोटिस, अब दुकानदारों के लिए अदालत ने जारी किया “नया आदेश”

admin

मुख्यमंत्री धामी ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उंगलियाल से की मुलाकात

admin

Leave a Comment