September 11, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक सड़क हादसा : गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की कार, दो बच्चों समेत 8 की मौत


हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर उस समय हुआ जब बेंगलुरु से आए पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

पर्यटकों का दल साच पास क्षेत्र की सैर कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रात के समय वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा।

कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरे बचावकर्मियों ने शवों को बाहर निकाला। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Comment