Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 22, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में आंधी-तूफान का असर, ट्रेनों की रफ्तार थमी, बारिश से तापमान में गिरावट



उत्तराखंड में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश ने मुश्किलें भी बढ़ा दीं। राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। वहीं सरोवर नगरी नैनीताल में बारिश के बीच पर्यटकों ने ठंडे मौसम का आनंद लिया।

इस बीच हरिद्वार-देहरादून रेलखंड पर तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे कर्मचारियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक रेलमार्ग पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था। रेलवे अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और ट्रेनों के संचालन को सुचारु करने के प्रयास जारी हैं।

उधर मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी है।

Leave a Comment