श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान केदारनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्तों, कांवड़ियों और तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी आस्था प्रकट की। प्रतिकूल मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी।
पूरे केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग पर ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष गूंजते रहे। गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने कठिन पैदल यात्रा पूरी कर बाबा केदार का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से केदारपुरी पूरी तरह शिवमय नजर आई।
इस वर्ष केदारनाथ यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। अब तक 14 लाख 45 हजार 946 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर देशभर के श्रद्धालुओं की बाबा केदार के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास को प्रदर्शित किया।
वहीं मौसम की चुनौतियों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखी गई। विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके। श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह से पूरी केदारघाटी में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

