मानसून की दस्तक का इंतजार खत्म, केरल पहुंचने को तैयार,  17 राज्यों में बारिश-आंधी का हाई अलर्ट - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 3, 2026
Daily Lok Manch
मौसम राष्ट्रीय

मानसून की दस्तक का इंतजार खत्म, केरल पहुंचने को तैयार,  17 राज्यों में बारिश-आंधी का हाई अलर्ट



देशभर में भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब केरल में दस्तक देने की दहलीज पर पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून केरल में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल तथा तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज आंधी और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल सकता है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बदलेगा मौसम
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 1 से 5 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। खासकर 3 और 4 जून को 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 3 और 4 जून को आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 2 और 5 जून को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी आगामी दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

राजस्थान में 2 जून को तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 3 से 5 जून के बीच अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में 3 से 5 जून के दौरान आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मध्य और पश्चिम भारत में भी असर
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 3 जून को भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जून तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 2 से 5 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। गुजरात में भी 4 जून तक कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण भारत में मानसून की सबसे ज्यादा सक्रियता
केरल और माहे में 3 से 7 जून के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहेंगी। आंध्र प्रदेश में 2 जून को भारी बारिश की संभावना है, जबकि तेलंगाना में 5 जून तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में 5 और 6 जून को तथा झारखंड में पूरे सप्ताह गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 6 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि 3 से 5 जून के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 1 से 7 जून तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। असम और मेघालय में 4 से 7 जून के बीच अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 और 7 जून को भारी बारिश होने की संभावना है।

गौरतलब है कि आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंच जाता है। इस बार मौसम विभाग ने पहले 26 मई को इसके आगमन का अनुमान जताया था, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने के कारण इसमें देरी हुई। अब विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून केरल में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद देशभर में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। हालांकि मौसम विभाग ने इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका भी जताई है, जिसकी एक बड़ी वजह अल-नीनो की स्थिति को माना जा रहा है।

Related posts

श्री मीनाक्षी अम्मन मंदिर में प्रेम का महाकाव्य और द्रविड़ वास्तुकला का है मुकुट, बड़ी संख्या में भक्त माता पार्वती के दर्शन को आते हैं

admin

Jammu Kashmir Poonch terrorist attack : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के ट्रक पर आतंकियों ने घात लगाकर किया था हमला, 5 जवान शहीद

admin

New Year 2026 : नए साल से पहले आम जनता को राहत, देशभर में गैस का एक समान टैरिफ, सीएनजी और घरेलू गैस सस्ती

admin

Leave a Comment