28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने घोषणा की है कि हड़ताल की अवधि में ग्राहक किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करेंगे तो उनसे कोई एटीएम शुल्क नहीं लिया जाएगा। एसबीआई ने यह कदम बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल के संभावित असर को कम करने और ग्राहकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उठाया है।
एसबीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी जानकारी में बताया कि 28 से 30 सितंबर के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस अवधि में किसी भी बैंक के एटीएम से किए गए लेनदेन पर ग्राहकों से शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ग्राहकों की सुविधा के लिए एसबीआई की शाखाएं रविवार, 27 सितंबर को भी खुली रहेंगी। इसके अलावा यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी डिजिटल भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। इससे ऑनलाइन लेनदेन करने वाले ग्राहकों को हड़ताल के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने भी बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को रविवार को शाखाएं खोलने के निर्देश दिए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की अनुमति दी है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे। दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां होने के कारण बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।
सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से हड़ताल स्थगित करने की अपील की है और आवश्यक बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की हैं।

