कुछ देर बाद ही मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं । उससे पहले कई बदलाव हुए हैं। यह बदलाव सीधे ही आम लोगों की जिंदगी से जुड़े हुए हैं। आज से फरवरी की शुरुआत हो गई है। पहली तारीख को जहां देश का आम बजट आने वाला है, तो वहीं देश में कई बड़े बदलाव (Rule Change From 1st February) भी लागू हो गए हैं। 1 फरवरी से सिगरेट, तंबाकू, तंबाकू उत्पादों, एलपीजी गैस, पीएनजी, सीएनजी, फास्टैग, क्रेडिट कार्ड आदि से जुड़े नियमों में बदलाव लागू हो जाएंगे। बैंकिंग नियमों में भी आज से कई बड़े बलाव हो रहे हैं।
इसमें SBI, HDFC बैंक, ICICI बैंक और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शामिल हैं। इन बदलावों का असर ग्राहकों के रोजमर्रा के बैंकिंग काम, IMPS ट्रांजैक्शन, क्रेडिट कार्ड बेनिफिट्स और KYC अपडेट पर पड़ने वाला है। आइये जानते हैं आज से क्या- क्या नए बदलाव होने वाले हैं।
FASTag के नियम में बदलाव
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने घोषणा की है कि FASTag के लिए KYC वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म कर दी जाएगी। 1 फरवरी से FASTag एक्टिवेट कराने के बाद आपको कोई अतिरिक्त KYC वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह जिम्मेदारी अब फास्टैग जारी करने बैंकों की होगी कि वे पहले ही वाहन से जुड़ी सभी जांच पूरी करें।
सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे होंगे
1 फरवरी से सिगरेट, गुटखा, जर्दा, पान मसाला (तंबाकू वाली) और अन्य तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ेंगे। फिल्टर्ड और लंबी सिगरेट पर ज्यादा ड्यूटी लगेगी। केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोतरी की है, साथ ही पान मसाला पर हेल्थ और नेशनल सिक्योरिटी सेस भी लगाया गया है। GST के अलावा ये अतिरिक्त चार्जेस रिटेल प्राइस बढ़ाएंगे। बीड़ी पर कम टैक्स स्लैब बरकरार रहेगा। इससे धूम्रपान करने वालों की जेब पर बोझ बढ़ेगा।
बदल गए LPG के दाम
आज (1 फरवरी 2026) बजट से पहले ही LPG सिलेंडर के उपभोक्ताओं को झटका लगा है। कॉमर्शियल एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर और घरेलू सिलेंडर के रेट आज 1 फरवरी 2026 अपडेट हुए हैं। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हवाई ईंधन (ATF) सस्ता हुआ
एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में कटौती हुई है। इससे हवाई यात्रा थोड़ी सस्ती हो सकती है। यह बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर हुआ है। बड़े शहरों में नई कीमतों की बात की जाए तो, दिल्ली में 91,393.39 रुपये, कोलकाता में 94,445.62 रुपये, मुंबई में 85,474.63 रुपये और चेन्नई में 94,781.99 रुपये हो जाएगी।
फरवरी में 10 दिन बैंक की छुट्टियां
फरवरी की शुरुआत छुट्टी के साथ होगी, RBI की जारी लिस्ट के मुताबिक फरवरी 2026 में करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। इसमें साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे खास दिन भी शामिल हैं। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें।
1 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले बदलाव सीधे आम आदमी की जेब, खर्च और प्लानिंग से जुड़े हैं। बजट, टैक्स, गैस,निवेश और सरकारी योजनाएं, हर मोर्चे पर कुछ न कुछ नया देखने को मिलेगा। ऐसे में जरूरी है कि आप इन बदलावों की जानकारी पहले से रखें, ताकि सही फैसला समय पर लिया जा सके।
प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1 फरवरी 2026 से संपत्ति की खरीद-बिक्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। रजिस्ट्री के दौरान खरीदार, विक्रेता और गवाहों को बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इसका मकसद फर्जीवाड़े और बेनामी लेन-देन पर रोक लगाना है। केंद्र सरकार की योजना के तहत भविष्य में इसे पूरे देश में लागू किया जा सकता है। कुल मिलाकर फरवरी की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ हुई है, जिनका असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की सुविधाओं पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।

