Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड के 9.87 लाख पेंशनरों को राहत, सीएम धामी आज खातों में भेजेंगे अगस्त की पेंशन



देहरादून। उत्तराखंड के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के बैंक खातों में अगस्त महीने की पेंशन राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेंशन की राशि DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। सरकार का कहना है कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था से पेंशन वितरण को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है।

प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का सबसे बड़ा हिस्सा वृद्धावस्था पेंशन का है। वर्तमान में 6 लाख 15 हजार 628 बुजुर्ग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इन्हें हर महीने 1,500 रुपये की दर से करीब 92.34 करोड़ रुपये की राशि दी जाती है। इसके अलावा 2 लाख 36 हजार 983 विधवा पेंशन लाभार्थियों को भी 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से करीब 35.54 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता है।

2.15 लाख पेंशनरों को SNA स्पर्श से भुगतान

पेंशन वितरण व्यवस्था में डिजिटल बदलाव के तहत राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) से जुड़े करीब 2.15 लाख पेंशनरों को SNA स्पर्श प्रणाली के जरिए भुगतान किया जा रहा है। सरकार के मुताबिक इससे भुगतान प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और समाज के अन्य जरूरतमंद वर्गों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही सरकार की प्राथमिकता है। DBT के जरिए राशि सीधे खातों में पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका भी खत्म होती है।

सरकार का जोर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचाने पर है। करीब 10 लाख लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था के बड़े दायरे को भी दर्शाता है।

Leave a Comment