देश की प्रमुख परीक्षा एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एनटीए ने विभिन्न विशेषज्ञ और शोध आधारित पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 21 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें वीडियो एडिटर एवं ग्राफिक डिजाइनर, इंग्लिश कंटेंट राइटर, डेटा एनालिस्ट एवं मीडिया मॉनिटरिंग एग्जीक्यूटिव, रिसर्चर, जनरल मैनेजर-टेस्ट सिक्योरिटी एवं लाइव ऑपरेशन्स के साथ-साथ यंग प्रोफेशनल के कई पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के तहत वीडियो एडिटर एवं ग्राफिक डिजाइनर, इंग्लिश कंटेंट राइटर, डेटा एनालिस्ट एवं मीडिया मॉनिटरिंग एग्जीक्यूटिव, रिसर्चर तथा जनरल मैनेजर के एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा यंग प्रोफेशनल (एकेडमिक रिसर्च) के 12, यंग प्रोफेशनल (लीगल रिसर्च) के 2 तथा यंग प्रोफेशनल (फाइनेंस एवं अकाउंट्स रिसर्च) के 2 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। संबंधित विषय में डिग्री या डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे। पत्रकारिता, जनसंचार, फिल्म, मीडिया, डिजाइन, शोध, विधि, वित्त और लेखा जैसे क्षेत्रों से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए यह अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और ईमेल आधारित रखी गई है। उम्मीदवारों को सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती संबंधी जानकारी और पात्रता शर्तों की जांच करनी होगी। इसके बाद आवेदन पत्र में आवश्यक विवरण भरकर संबंधित दस्तावेज संलग्न करने होंगे और आवेदन निर्धारित ईमेल पते dir-admin@nta.gov.in पर भेजना होगा।
एनटीए भर्ती 2026 के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और भर्ती से जुड़ी किसी भी नई सूचना के लिए समय-समय पर एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

