Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड धर्म/अध्यात्म

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का आठ दिवसीय चिंतन शिविर आज से, मोहन भागवत की कार्यशाला में जुटेंगे कई पदाधिकारी 

देवभूमि की धरती पर आज से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारों की कार्यशाला आयोजित हो रही है। आठ दिवसीय संघ के इस चिंतन शिविर में देश के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रायवाला स्थित आरौवैली आश्रम  4 से 11 अप्रैल तक चलने वाले संघ के इस शिविर में भाग लेने के लिए मोहन भागवत आज पहुंच रहे हैं। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार दोबारा बनने के बाद संघ की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में भागवत के साथ ही संघ की समूची अखिल भारतीय कार्यकारिणी भाग लेगी। बैठक में संघ के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी। शिविर में आरएसएस के अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी और भाजपा के कई बड़े राष्ट्रीय व राज्य स्तर के नेता, मंत्री समेत कई विशिष्ट नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी  शिविर में पहुंचेंगे। रविवार देर रात तक राज्य के डीजीपी अशोक कुमार समेत कई आला अधिकारियों ने आरौवैली आश्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बता दें कि रविवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कश्मीरी पंडितों की घाटी में जल्द वापसी की उम्मीद जताई है। भागवत ने कहा कि मुझे लगता कि वह दिन बहुत करीब है, जब कश्मीरी पंडित अपने घरों में वापस आएंगे। मैं चाहता हूं कि वह दिन जल्द आए। यही वक्त है कि कश्मीरी पंडित अपने घरों में इस तरह वापस जाएं कि भविष्य में फिर कभी न उखड़ें। गौरतलब है कि पिछले महीने संघ प्रमुख मोहन भागवत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भी 19 से 23 मार्च तक संघ के चिंतन शिविर में पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संघ प्रमुख भागवत से मुलाकात की थी। 

Leave a Comment