Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 7, 2026
Daily Lok Manch
Recent उत्तराखंड

राहुल गांधी आज दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आएंगे, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल




लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज करीब ढाई वर्ष बाद दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। नवंबर 2023 में केदारनाथ यात्रा के बाद यह उनका पहला उत्तराखंड दौरा है। ऐसे समय में हो रहा यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और कांग्रेस राज्य में संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है।

राहुल गांधी सुबह लगभग 11 बजे निजी हेलिकॉप्टर से अल्मोड़ा पहुंचेंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम पौड़ी गढ़वाल के कंडोलिया मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का है। यहां वह करीब 2500 पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संवाद करेंगे। सम्मेलन में वन रैंक वन पेंशन (OROP), सैनिक कल्याण और अग्निवीर योजना जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस ने इस दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल कई दिनों से कार्यक्रमों की निगरानी कर रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment